India Prime News

नागा बाबा खटाल स्थित नवनिर्मित वेजिटेबल मार्केट में व्याप्त अव्यवस्था,गंदगी और पुनः इस वेजिटेबल मार्केट के बाहर सड़क पर सब्जी बेचे जाने पर हो कार्रवाई :रांची सिटीजन फोरम

नागा बाबा खटाल स्थित नवनिर्मित वेजिटेबल मार्केट में व्याप्त अव्यवस्था,गंदगी और पुनः इस वेजिटेबल मार्केट के बाहर सड़क पर सब्जी बेचे जाने पर हो कार्रवाई :रांची सिटीजन फोरम

रांची,(झारखंड):नागा बाबा खटाल स्थित वेजिटेबल मार्केट गंदगी और कचरे के ढेर में तब्दील हो गया है, और इसके बाहर फिर से सड़कों पर सब्जी बाजार आबाद हो गया है। रांची नागा बाबा खटाल स्थित नवनिर्मित वेजिटेबल मार्केट को लेकर रांची सिटीजन फोरम के अध्यक्ष दीपेश कुमार निराला और सचिव सुशील कुमार सिन्हा ने रांची नगर निगम के प्रशासक सह नगर आयुक्त और उपायुक्त, रांची को पत्र लिखकर कहा है कि नवनिर्मित वेजिटेबल मार्केट के बाहर सड़क के किनारे पूर्व की भांति सब्जियों की बिक्री हो रही है, जिससे इस जगह पर ट्रैफिक की समस्या फिर से खड़ी हो गई है। करोड़ों की लागत से जब यह सब्जी मार्किट का निर्माण हुआ था, तो उसकी चमक-दमक ने नगरवासियों में एक आस जगी थी कि अब यह एरिया जाम मुक्त तथा गंदगी मुक्त होगा और सब्जी विक्रेताओं को स्थायी स्थान दिला पायेगा, लेकिन अब सब्जी विक्रेता यहां से पुनः सड़कों पर बैठने लगे हैं, क्योंकि मार्केट की बनावट ही ऐसी है कि लोग यहां खरीदारी करने कम ही आते हैं, क्योंकि उनको बाहर सड़क किनारे ही ताजा सब्जी और फल मिल जा रहा है, और जो थोक सब्जी तथा फल विक्रेता हैं, वो तो यहां टिके हुए हैं पर बाकी को कोई लाभ नहीं हो रहा है। कुछ महीनों में ही इस सब्जी मार्किट की स्थिति ऐसी हो गई है कि नाक पर रुमाल रखे बिना यहां सब्जी खरीदना मुश्किल है, चारों तरफ लोगों ने दुर्गंध फैला रखा है, लगता है कि लोग वहीं खुले में पेशाब भी करते हैं, हर कोने में पान की पिकों ने दीवालों को पीकदान बना दिया है। बाथरूम की सफाई नियमित नही हो रही है, और यहां पर काफी गंदगी फैली हुई है, सब्जी मार्केट परिसर में चारों तरफ सिर्फ कचरे और गंदगी का ढेर लगा हुआ है। इस पूरे परिसर में निगम ने सजावटी पौधों के सैकड़ों गमले लगाए थे, जो गायब हो चुके हैं। स्मृति के तौर पर एक गमला बचा हुआ है।अतः व्यापक जनहित में रांची सिटीजन फोरम अध्यक्ष दीपेश कुमार निराला, सचिव सुशील कुमार सिन्हा, उपाध्यक्ष रेणुका तिवारी और उमाशंकर सिंह, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार बागवानी और सह-सचिव विवेक कुमार एवं सुशील कुमार शर्मा आग्रह करते हैं कि शहर के बीच और राजभवन के निकट स्थित इस नवनिर्मित वेजिटेबल मार्केट की दयनीय स्थिति पर तत्काल संज्ञान लेकर यहां की व्यवस्था में तुरंत सुधार लाया जाय, जिससे नागरिकों को एक साफ सुथरा माहौल और जाममुक्त सड़कें मिल सके, जिससे नागरिक यहां आसानी से फल-सब्जी की खरीदारी कर सकें।

Exit mobile version