
दशहत पर चोट,पुलिस ने कुख्यात अपराधी सरगरना डब्लू सिंह के गुर्गो को शहर में घुमाया पैदल पांव
पलामू ,(झारखंड):कुख्यात अपराधी सरगना और गैंगस्टर गौतम सिंह उर्फ डब्लू सिंह गिरोह के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज है। उसके दशहत को खत्म करने और रंगदारी वसूलने की प्रवृति पर चोट पहुंचाने के लिए पुलिस ने आज अलग तरह का एक्शन लिया। पिछले दिनों डब्लू सिंह के राइट हैंड माने जाने वाले राजू तिर्की को पकड़ने के बाद पुलिस ने मेदिनीनगर बस पड़ाव से रंगदारी वसूलते छह गुर्गो को गिरफ्तार किया है।डब्लू सिंह गिरोह का व्यवसायियों में भय खत्म करने के लिए सभी गिरफ्तार गुर्गो को उनकी कमर में रस्सा बांधकर पुलिस ने उन्हें बस पड़ाव रोड सहित प्रमुख सड़कों पर पैदल पांव घुमाया। पैदल घुमाते हुए पुलिस ने लाउडस्पीकर से रंगदारी देने वाले बस मालिकों, टेम्पो चालकों सहित अन्य वाहन मालिकों को सचेत किया। यह भी कहा कि पुलिस उनकी सुरक्षा में है। रंगदारी मांगने पर शहर थाना या फिर टेªफिक पोस्ट पर आकर शिकायत की जा सकती है। पुलिस हर संभव उनकी मदद करेगी।
पुलिस ने यह भी प्रचारित किया कि सभी आरोपी डब्लू सिंह गिरोह के लिए रंगदारी वसूलते हैं। इन्हें पहचान लें और किसी तरह की नाजायज राशि नहीं दें। अगर जबरन मांगते हैं तो मामला दर्ज कराए। पुलिस ने व्यवसायियों को यह भी कहा कि अगर वे इसके बाद भी रंगदारी देते हैं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
शहर थाना से बस पड़ाव तक चलाया पैदल
शहर थाना में गिरफ्तारी की जानकारी देने के बाद सभी आरोपियों को पुलिस पैदल लेकर चली। शहर थाना से बड़ी मस्जिद, छहमुहान के रास्ते बस पड़ाव तक लाया गया। इस क्रम में टेªफिक प्रभारी रूद्रानंद सरस अनाउसमेंट करते रहे और रंगदारी नहीं देने की अपील की। आरोपियों को घुमाने में मेदिनीनगर के एसडीपीओ के. विजय शंकर, शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरूण कुमार महथा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।
लोग पड़े रहे आश्चर्य में
अचानक भारी संख्या में पुलिसकर्मियों के सड़क पर आ जाने और कुछ लोगों को आगे आगे पैदल चलाकर उनके बारे में अनाउसमेंट कर जानकारी देने से आस पास के लोग सकते में पड़ गए। लंबे समय बाद पुलिस कार्रवाई का नया तरीका लोगों में चर्चा का विषय बना रहा।
जेलहाता रोड से पकड़े गए छह गुर्गे
जिले के पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी सरगना गौतम सिंह उर्फ डब्लू सिंह के गुर्गे रंगदारी वसूलने के बाद जेलहाता रोड स्थित श्रीराम बस के गैराज में पैसे गिन रहे हैं। सूचना पर मेदिनीनगर के एसडीपीओ के. विजय शंकर के नेतृत्व में शहर थाना और टीओपी पुलिस ने छापामारी की। यहां से छह बस एजेंट सह डब्लू सिंह गिरोह के गुर्गे पकड़े गए। उनके पास से रंगदारी के रूप में वसूले गए 23 हजार रूपए बरामद किए गए। एक मोबाइल फोन भी मिला है।
इनकी हुई गिरफ्तारी
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में रेड़मा के मनीष दुबे, सत्संग आश्रम बैरिया के मुकेश कुमार सिंह, कुंड मुहल्ला के रसीद तबरेज उर्फ बिट्टू अंसारी, पांकी रोड रेड़मा के सुरेन्द्र तिवारी, नावाबाजार के रबदा निवासी संजीव कुमार सिंह, जेलहाता सर्वोदय नगर निवासी धर्मेद्र कुमार शामिल हैं।