लातेहार में आधुनिक पुस्तकालय से पूरे होंगे बच्चों के सपने : विधायक प्रकाश राम
बाईपास चौक के समीप जिले का पहला अत्याधुनिक डिजिटल पुस्तकालय हुआ लोकार्पित
लातेहार (झारखंड) : लातेहार बाईपास चौक पर गुरुवार की शाम ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसे देखकर हर माता-पिता, हर छात्र और हर शिक्षक के चेहरे पर गर्व साफ झलक रहा था। जिले के पहले अत्याधुनिक डिजिटल जिला पुस्तकालय का उद्घाटन विधायक प्रकाश राम ने किया। उद्घाटन के साथ ही परिसर तालियों की गूंज से भर उठा जैसे पूरी लातेहार की उम्मीदें एक पल में आकार ले चुकी हों। विधायक ने भावनात्मक स्वर में कहा कि यह पुस्तकालय ईंट और सीमेंट का ढांचा नहीं, बल्कि उन हजारों बच्चों का सपना है, जो सीमित साधनों के कारण पीछे छूट जाते थे। आज लातेहार ने भविष्य की दिशा खुद तय करने का साहस दिखाया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा एक ऐसी क्रांति है, जो बिना शोर के सबसे गहरा परिवर्तन लाती है और यह पुस्तकालय यही क्रांति का नया केंद्र होगा। अब हमारे बच्चों को बड़े शहर नहीं भागना पड़ेगा। बड़ा बनने के सारे संसाधन यहीं उपलब्ध रहेंगे। वरीय शिक्षक आशीष पांडेय ने बताया कि लाइब्रेरी की सुविधाएं जिले के इतिहास में पहली बार इतनी भव्य हैं ई-लाइब्रेरी, हाईस्पीड इंटरनेट, आधुनिक कंप्यूटर लैब, शांत स्मार्ट स्टडी जोन, सुरक्षित लॉकर, 24×7 सीसीटीवी निगरानी, विश्राम कक्ष, पार्किंग ये सब मिलकर इसे एक नालेज हब बनाते हैं। प्रकाश तिवारी ने कहा कि आज से लातेहार का हर बच्चा बिना भय और बिना बाधा के प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेगा। जिस माहौल के लिए पहले शहरों में जाना पड़ता था, वह अब अपने घर के पास मिलेगा। प्रवीण कर्ण की बातों ने वहां मौजूद सभी लोगों को छू लिया उन्होंने कहा कि यह सिर्फ लाइब्रेरी नहीं, बल्कि सपनों को आसमान तक ले जाने वाली सीढ़ी है। जब ज्ञान का दीपक जलता है, तो अभाव और अंधेरा दोनों ही घुल जाते हैं। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि डा. चंदन कुमार, चामू साव, पवन कुमार, अनिल सिंह, संत कुमार गुप्ता, संतोष कुमार समेत क्षेत्र के कई प्रतिष्ठित लोग मौजूद रहे।





