भारतीय नववर्ष के स्वागत में मंगलवार को चंदवा पूरी तरह भगवामय नजर आया
चंदवा:भारतीय नववर्ष के स्वागत में मंगलवार को चंदवा पूरी तरह भगवामय नजर आया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ परिवार की ओर से चलाए गए ध्वज वितरण अभियान के बाद बाजार, चौक चौराहों व मोहल्लों में हर तरफ भगवा ध्वज लहराने लगा। सुबह से ही स्वयंसेवकों की टोली अलग अलग इलाकों में पहुंची व लोगों को ध्वज उपलब्ध कराया। ध्वज मिलते ही लोगों ने बिना देर किए अपने घरों और दुकानों के बाहर उसे लगा दिया। कुछ ही घंटों में पूरे चंदवा की तस्वीर बदल गई। मुख्य बाजार से लेकर अंदरूनी गलियों तक केसरिया रंग की छटा साफ दिखने लगी। दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों के आगे ध्वज लगाकर नववर्ष का स्वागत किया, वहीं घरों की छतों और दरवाजों पर भी ध्वज नजर आया। युवाओं में इस दौरान खासा उत्साह देखने को मिला।
कई जगहों पर युवाओं की टोली खुद आगे बढ़कर ध्वज बांटने और लगाने में जुटी रही। बच्चों में भी उत्सुकता दिखी और वे अपने घरों के बाहर ध्वज लगाने में लगे रहे। बुजुर्गों ने इसे परंपरा से जुड़ाव का प्रतीक बताया और बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान वरीय स्वयंसेवक राजेश चंद्र पाण्डेय ने कहा कि भारतीय नववर्ष हमारी सनातन परंपरा का प्रतीक है और इसे उत्साहपूर्वक मनाना सांस्कृतिक जिम्मेदारी है। नरेश प्रसाद गुप्ता और नरेंद्र अग्रवाल ने कहा कि भगवा ध्वज त्याग, तप और राष्ट्रसेवा का प्रतीक है और इसे हर घर तक पहुंचाना गौरव की बात है। महेंद्र अग्रवाल, डा अनिल कुमार व मोहिनीश कुमार ने कहा कि ऐसे प्रयासों से समाज में एकता और राष्ट्रीय चेतना को मजबूती मिलती है। वहीं मनोज सिंह, मिंकु शर्मा, नीतीश तिवारी, राहुल कुमार, अंकित कुमार, सौरभ कुमार व विवेक कुमार समेत बड़ी संख्या में लोग अभियान में सक्रिय रहे और घर घर ध्वज पहुंचाने में जुटे रहे।






