India Prime News

दस लाख का इनामी नक्सली जोनल कमांडर मुनेश्वर गंझू गिरफ्तार

दस लाख का इनामी नक्सली जोनल कमांडर मुनेश्वर गंझू गिरफ्तार

भाकपा माओवादी के खिलाफ पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी

गिरफ्तार नक्सली पर झारखंड के चार जिलों में 78 मामले है दर्ज

गिरफ्तार नक्सली के पास से 53 हजार रुपये हुए बरामद

एसपी अंजनी अंजन ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी 

लातेहार,(लातेहार):भाकपा माओवादी के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। विगत एक वर्ष से लगातार चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने सक्रिय माओवादी रवींद्र गंझू के दस्ते में शामिल अपराधिक घटना को अंजाम देने वाले मुनेश्वर गंझू को चंदवा पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गुरुवार को प्रेस वार्ता करते पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने बताया कि लातेहार जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के दौरान माओवादियों को काफी नुकसान पहुंचा है वो अपने गढ़ से निकलने को मजबूर हो गए हैं। कई माओवादी गिरफ्तार हुए हैं तो कई ने आत्मसमर्पण कर दिया और कई मारे गए। महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक झारखंड पुलिस के दिशा-निर्देश में लातेहार-लोहरदगा के सीमावर्ती क्षेत्र एवं बूढ़ा पहाड़ पर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नक्सलियों के कई बंकर ध्वस्त किए गए। भारी मात्रा में गोला-बारूद और हथियार बरामद किए गए हैं। आगे एसपी ने बताया कि सूचना मिली थी कि चंदवा थाना क्षेत्र के बांझीटोला हेसला में सक्रिय माओवादी रवींद्र गंझू अपने दस्ता सदस्यों के साथ छिपा हुआ है। सूचना के आलोक में छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल ने दस लाख के इनामी माओवादी के जोनल कमांडर मुनेश्वर गंझू उर्फ मुंशी जी उर्फ वितन गंझू (पिता सुरेश उर्फ सुकेश गंझू मड़मा, चंदवा) को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि इसके दस्ते द्वारा 2 अक्टूबर को रांची-मैक्लुसकीगंज थाना क्षेत्र के केईसी इंटरनेशनल लिमिटेड के क्रशर प्लांट, 21 अक्टूबर को चंदवा थाना क्षेत्र के माल्हन में केईसी इंटरनेशनल लिमिटेड के साइट पर तथा 22 नवंबर को चंदवा थाना क्षेत्र के टीटीआईपीएल कंपनी द्वारा डगउगी रेलवे पुल निर्माण क्षेत्र में आगजनी और गोलीबारी की घटना कराई गई। जिसमें करोड़ों का नुकसान हुआ था। यह भी बताया कि मुनेश्वर के खिलाफ झारखंड के लातेहार, लोहरदगा, गुमला और रांची जिला के कई थानों में 78 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इसके पास से 53 हजार नगद बरामद किया है। इस अभियान में पुलिस निरीक्षक सह चंदवा थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता, पुअनि नारायण यादव, दिव्य प्रकाश, सुनील टूटी और सैट 202 चंदवा थाना शामिल थे।

Exit mobile version