दिल्ली धमाका चिंतनीय,सीमा सुरक्षित है पर खतरा अब अंदर से:रविराज
चंदवा:दिल्ली में हुए धमाके के बाद भाजपा नेता आदर्श रवि राज ने कहा कि अब देश को अंदर बैठे गद्दारों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जब हमारी सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं, तब इस तरह का विस्फोट यह साबित करता है कि खतरा अब भीतर से बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया है कि यह धमाका किसी बाहरी आरडीएक्स से नहीं बल्कि देश के अंदर ही बने केमिकल से हुआ है, जो बेहद चिंताजनक बात है। रवि राज ने कहा कि जो लोग देश के खिलाफ साजिश रच रहे हैं, वे असली दुश्मन हैं और सरकार को चाहिए कि ऐसे गद्दारों पर कठोर कार्रवाई हो ताकि कोई दोबारा देश को नुकसान पहुंचाने की हिम्मत न करे। उन्होंने जनता से अपील की कि अपने इलाके में किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत पुलिस को सूचना दें और एकजुट होकर देश की सुरक्षा में भागीदारी निभाएं। भाजपा नेता ने कहा कि अब हर नागरिक को सतर्क रहना होगा और समाज में फैल रही विभाजनकारी प्रवृत्तियों को पहचानना होगा। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा सिर्फ सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। रवि राज ने आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत बताई और कहा कि सरकार को निगरानी और खुफिया तंत्र को और सख्त करना चाहिए। उन्होंने धमाके में मारे गए निर्दोष लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि दोषियों को शीघ्र और कड़ी सजा दी जानी चाहिए।





