नई दिल्ली:अजमेर में शनिवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां महज 4 साल का मासूम बच्चा अपहरणकर्ताओं के चंगुल से बाल-बाल बच गया। दरअसल, शहर के क्रिश्चियन गंज थाना क्षेत्र से यह बच्चा अचानक लापता हो गया। परिवार ने गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत इलाके की नाकाबंदी शुरू की।जानकारी के मुताबिक, बदमाश बच्चे को बस में बैठाकर मध्यप्रदेश की ओर ले जा रहे थे। पुलिस ने बस स्टैंड और हाईवे पर जांच अभियान चलाया और संदिग्ध बसों की तलाशी शुरू की। इसी दौरान पुलिस की नजर एक बस में बैठे संदिग्ध यात्रियों पर पड़ी। जब जांच की गई तो उनके साथ मासूम बच्चा भी मिला।पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बदमाशों को मौके पर ही धर दबोचा और बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि वे बच्चे को मध्यप्रदेश ले जाकर किसी गिरोह को सौंपने वाले थे।मासूम के सुरक्षित मिलने पर परिवार की आंखों से आंसू छलक पड़े और स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की। पुलिस अब अपहरणकर्ताओं से पूछताछ कर रही है कि इस गिरोह के पीछे और कौन लोग शामिल हैं और क्या पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया गया है।





