सुपौल में भीषण चोरी: चकडुमारिया गांव में लाखों के जेवरात और नगदी पर चोरों ने किया हाथ साफ
संतोष कुमार/सुपौल:सुपौल सदर थाना क्षेत्र से महज एक किलोमीटर दूर स्थित चकडुमारिया गांव में शनिवार की देर रात भीषण चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।पीड़िता गृहस्वामी लक्ष्मी देवी ने बताया कि शनिवार रात पूरा परिवार खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गया था। इसी दौरान देर रात चोरों ने घर में घुसकर अलमारी और बक्सों को खंगाल डाला। चोरों ने सोना-चांदी के कीमती जेवरात, नगदी रुपए सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी रविवार सुबह करीब 6 बजे तब हुई जब परिवार के सदस्य नींद से जागे और घर का सामान बिखरा हुआ पाया।घटना के बाद तुरंत इसकी सूचना सुपौल सदर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष रामसेवक रावत अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना से इतनी नजदीक घटना होना पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।





