लातेहार : नगर पंचायत अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद महेश सिंह व नगर पंचायत उपाध्यक्ष संतोष रंजन सोमवार को बार एसोसिएशन लातेहार के कार्यालय पहुंचे। यहां अधिवक्ताओं ने दोनों जनप्रतिनिधियों का गर्मजोशी व सम्मान के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम का नेतृत्व बार एसोसिएशन के लातेहार जिला अध्यक्ष लाल अरविंद नाथ शाहदेव ने किया। वरीय अधिवक्ता राजमणि प्रसाद ने नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह और उपाध्यक्ष संतोष रंजन को माला पहनाकर सम्मानित किया, वहीं जिला अध्यक्ष लाल अरविंद नाथ शाहदेव ने दोनों को शाल ओढ़ाकर स्वागत किया। स्वागत के दौरान मौजूद अधिवक्ताओं ने तालियों की गूंज के साथ दोनों जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन किया और शहर के विकास को लेकर उम्मीदें व्यक्त कीं। नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह ने अधिवक्ताओं के इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर की जनता ने जो विश्वास उन्हें दिया है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि शहर की साफ-सफाई, पेयजल, सड़क और अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम होगा और जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समाधान की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने अधिवक्ता समाज को जागरूक और मार्गदर्शक वर्ग बताते हुए कहा कि उनके सुझाव और सहयोग से नगर के विकास को नई दिशा मिल सकती है। नगर पंचायत उपाध्यक्ष संतोष रंजन ने कहा कि नगर के विकास के लिए सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है और अधिवक्ता समाज हमेशा जनहित के मुद्दों पर सजग भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनने और उनका समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधायुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। वरीय अधिवक्ता राजमणि प्रसाद ने कहा कि नगर पंचायत के नए नेतृत्व से शहरवासियों को काफी उम्मीदें हैं और विश्वास है कि महेश सिंह तथा संतोष रंजन अपने दायित्वों को गंभीरता से निभाते हुए नगर के विकास को नई गति देंगे। उन्होंने कहा कि बार एसोसिएशन हमेशा शहर के रचनात्मक और जनहित से जुड़े कार्यों में सहयोग देने के लिए तैयार रहेगा। बार एसोसिएशन के लातेहार जिला अध्यक्ष लाल अरविंद नाथ शाहदेव ने कहा कि अधिवक्ता समाज हमेशा समाज और शहर के विकास के साथ खड़ा रहा है। उन्होंने दोनों जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पारदर्शिता, संवाद और सहयोग की भावना से काम होगा तो लातेहार नगर की पहचान और मजबूत बनेगी। इस मौके पर अधिवक्ता मिथिलेश कुमार, प्रदीप उपाध्याय, भाजपा नेता राकेश दुबे, ध्रुव पाण्डेय, मुकेश पाण्डेय समेत कई लोग मौजूद थे।




