चंदवा में खाद एवं बीज भंडारों पर संयुक्त छापेमारी, कई दुकानों का हुआ निरीक्षण
चंदवा,(लातेहार):किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद एवं बीज उपलब्ध कराने तथा कृषि सामग्री की बिक्री में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को चंदवा में खाद एवं बीज भंडारों पर संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया।

इस दौरान चंदवा अंचल अधिकारी सुमित कुमार झा एवं लातेहार जिला कृषि विभाग की टीम ने विभिन्न दुकानों का औचक निरीक्षण किया।लातेहार जिला कृषि कार्यालय के साथ संयुक्त रूप से चलाए गए इस अभियान के दौरान अधिकारियों ने खाद एवं बीज के स्टॉक, भंडारण व्यवस्था, लाइसेंस, मूल्य सूची तथा बिक्री से संबंधित अभिलेखों की जांच की।

निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।अंचल अधिकारी सुमित कुमार झा ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनियमितता, कालाबाजारी अथवा बिना लाइसेंस के कृषि सामग्री की बिक्री पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।जिला कृषि विभाग की टीम ने भी दुकानदारों को निर्धारित नियमों का पालन करने तथा किसानों को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण खाद एवं बीज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे।वही इस सघन जांच के दौरान कई दुकाने बंद मिली.






